Bihar Crime:छत से हुई शराब की बारिश, छापेमारी में मचा हड़कंप, उत्पाद विभाग हैरान, शराबबंदी की पोल खुली

Bihar Crime: उत्पाद विभाग की टीम दबिश देने पहुंची,तो शराब कारोबारी के घर की छत से अचानक शराब की बारिश शुरू हो गई।...

Muzaffarpur Liquor rains from roof in raid excise dept shock
छत से शराब की बारिश- फोटो : reporter

Bihar Crime: शराबबंदी वाले बिहार में एक बार फिर कानून को खुली चुनौती देते हुए नाजीरपुर इलाके में ऐसा सनसनीखेज वाकया सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिला कर रख दिया है। गुप्त सूचना पर जब उत्पाद विभाग की टीम दबिश देने पहुंची,तो शराब कारोबारी के घर की छत से अचानक शराब की बारिश शुरू हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह को खुफिया इनपुट मिला था कि अहियापुर थाना क्षेत्र के नाजीरपुर में बड़े पैमाने पर शराब का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मकान को चारों ओर से घेर लिया और छापेमारी शुरू कर दी। लेकिन जैसे ही टीम ने दबिश दी, घर के अंदर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान छत पर मौजूद महिलाओं ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए शराब के कार्टून और बोतलें नीचे फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा मंजर किसी फिल्मी सीन जैसा बन गया जहां पुलिस नीचे और ऊपर से सबूत मिटाने की कोशिश चल रही थी।

वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके से एक नाबालिग शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जो पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं, छत से शराब फेंकने वाली महिला मौके से फरार होने में सफल रही।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अवैध शराब कारोबार का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शराबबंदी के बावजूद बिहार में अवैध कारोबार किस तरह बेखौफ होकर कानून को चुनौती दे रहा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा