मुजफ्फरपुर में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी दंपती की निर्मम हत्या, CCTV में दिखे संदिग्ध

Bihar Crime: अपराधियों ने घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी 75 वर्षीय अशोक कुंवर और उनकी 70 वर्षीय पत्नी नीलम कुंवर की बेरहमी से हत्या कर दी।...

Muzaffarpur Double Murder Retired Banker Couple Killed at Ho
डबल मर्डर से सनसनी- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर शहर के पॉश रिहायशी इलाके में हुई एक खौफनाक वारदात ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया है। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग मोहल्ले में सोमवार शाम हुए सनसनीखेज डबल मर्डर से इलाके में दहशत का माहौल है। अपराधियों ने घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी 75 वर्षीय अशोक कुंवर और उनकी 70 वर्षीय पत्नी नीलम कुंवर की बेरहमी से हत्या कर दी।

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के ग्राउंड फ्लोर पर अशोक कुंवर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, उनकी पत्नी नीलम कुंवर का शव घर की छत से बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई। मृतका के पैर बंधे हुए मिले और मुंह व चेहरे पर टेप चिपका हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने चीख-पुकार रोकने के लिए इस तरह की बेरहमी की।घटना के बाद मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा और सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल की। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।जांच के दायरे में लूटपाट का विरोध, आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद और अन्य व्यक्तिगत कारणों को शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों के दिखाई देने की बात सामने आई है।

शहर के बीचों-बीच रिहायशी इलाके में हुई इस जघन्य वारदात ने लोगों में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक जांच और CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा