Bihar Crime: बिहार में ATM पर डाका, बदमाश मशीन ही उखाड़ ले गए, पुलिस को खुली चुनौती

Bihar Crime: बेखौफ बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एटीएम मशीन ही उखाड़कर फरार हो गए।...

Muzaffarpur ATM Heist Robbers Uproot
बिहार में ATM पर डाका- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। बेखौफ बदमाशों ने देर रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए एटीएम मशीन ही उखाड़कर फरार हो गए। इस दुस्साहसी घटना ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पूरा मामला करजा थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम का है। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात बदमाशों ने सुनसान मौके का फायदा उठाया और एटीएम बूथ में घुसकर मशीन को जड़ से उखाड़ लिया। इसके बाद अपराधी एटीएम को वाहन में लादकर फरार हो गए।सूत्रों के मुताबिक बदमाश जिस एटीएम मशीन को उखाड़कर ले गए हैं, उसमें लाखों रुपये की नकदी होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह वारदात हुई है, वहां रात में पुलिस गश्ती होने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद अपराधियों का इस तरह एटीएम उखाड़कर ले जाना पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का आरोप है कि अगर गश्ती व्यवस्था मजबूत होती तो शायद बदमाश इस तरह खुली चुनौती देकर फरार नहीं हो पाते।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एटीएम को निशाना बनाकर बड़ी रकम की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।फिलहाल इस दुस्साहसी चोरी ने साफ कर दिया है कि मुजफ्फरपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी जा रही है। 

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा