Patna Police Encounter: सुबह- सुबह पटना में पुलिस ने लूटकांड के बदमाश को दौड़ाकर मारी गोली, 4 को दबोचा, 24 घंटे में तीन एनकाउंटर से हड़कंप

Patna Police Encounter: पटना में CMS सिक्योरिटी वैन से लूट के बाद भागे बदमाशों को पुलिस ने मार गिराया है....

Patna Police Shoot Down Gopalpur Robbery Suspect 4 Arrested
पटना में सुबह सुबह एनकाउंटर- फोटो : reporter

Patna Police Encounter: पटना में CMS सिक्योरिटी वैन से 27 लाख की सनसनीखेज लूट के बाद पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों के छिपने की जगह का पता लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उदयनी गांव में छापेमारी की, जहां बदमाश छिपे हुए थे। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।इसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और कार्रवाई करते हुए एक बदमाश के पैर में गोली मार दी। घायल बदमाश को तत्काल गिरफ्तार कर एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को दबोच लिया है।तकनीकी इनपुट और तत्परता के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है।

घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक, कई खोखे और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं और लूटकांड के बाकी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

बता दें 13 मई को गोपालपुर इलाके के जोल बीघा के पास हथियारबंद अपराधियों ने सिक्योरिटी वैन को रोककर करीब 27 लाख रुपये लूट लिए थे। अपराधियों ने वैन में मौजूद सुरक्षाकर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर कैश से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए थे। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

बताया जा रहा है कि लूट की यह वारदात सुनियोजित तरीके से की गई थी, जिसमें अपराधियों ने पहले से ही वैन की रूट की रेकी कर रखी थी। जैसे ही CMS सिक्योरिटी वैन जोल बीघा के पास पहुंची, अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया।

पिछले 24 घंटों में पुलिस की लगातार कार्रवाई ने अपराधियों पर शिकंजा और कस दिया है। इससे पहले भी अलग-अलग जिलों में हुई मुठभेड़ों में कई अपराधियों को पकड़ा या घायल किया गया है। सीवान में सोना दुकान लूटकांड के आरोपी को गोली लगी थी, जबकि पटना में शिक्षक से लूट के मामले में दो अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था।

फिलहाल इस ताजा एनकाउंटर के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है और जल्द ही इस संगठित लूट गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट- पटना ब्यूरो