मुंगेर में ईंट-भट्ठे पर सो रहे नाइट गार्ड की सिर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या, बेटी के अपहरण केस को वापस न लेने का खूनी इंतकाम,बदमाशों के तांडव से इलाके में खौफ

Bihar Crime: मुंगेर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

Munger Guard Shot Dead at Brick Kiln Over Case Dispute
नाइट गार्ड की सिर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime:  मुंगेर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सफियासराय थाना क्षेत्र के डकरा सतखजुरिया गांव में बुधवार की देर रात अपराधियों ने एक बड़ी और दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया। डकरा नाला स्थित राजा ईंट-भट्ठा पर नाइट गार्ड ( के रूप में तैनात 45 वर्षीय सुबोध कुमार यादव भट्ठे पर चारपाई बिछाकर सो रहे थे।

इसी दौरान देर रात अज्ञात नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और गहरी नींद में सो रहे सुबोध के सिर से सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज और चीख-पुकार के बीच जब तक लोग जुटते, सुबोध की मौके पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो चुकी थी। इस दुस्साहसिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है।

प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों के दावों के मुताबिक, इस खूनी खेल की स्क्रिप्ट करीब दो महीने पहले ही लिख दी गई थी। पुलिस तफ्तीश में जो सबसे बड़ा एंगल सामने आया है, वह इस प्रकार है करीब दो महीने पहले सुबोध यादव की नाबालिग पुत्री का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था, जिसका मुकदमा उन्होंने सफियासराय थाने में दर्ज कराया था।इस मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तभी से जेल गए आरोपी के गुर्गे और परिवार वाले सुबोध पर मुकदमा वापस लेने का 'नाजायज दबाव' बना रहे थे।सुबोध ने इस दबाव के आगे झुकने से साफ इनकार कर दिया था। चर्चा है कि इसी रंजिश और केस न उठाने के जिद के कारण अपराधियों ने उनकी जान ले ली।

घटना की भनक लगते ही सफियासराय थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर दौड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर के पुलिस अधीक्षक  सैयद इमरान मसूद भी देर रात खुद घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मुंगेर SP सैयद इमरान मसूद ने कहा कि  ईंट-भट्ठे पर नाइट गार्ड सुबोध यादव की गोली मारकर हत्या की गई है। इस हत्याकांड के पीछे मृतका की बेटी के अपहरण मामले से जुड़े विवाद समेत प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश जैसे सभी संभावित पहलुओं की सघन जांच की जा रही है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान