Bihar Crime: सूखा नशा पर सर्जिकल स्ट्राइक, बिहार पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 7 लाख कैश समेत एक दर्जन दुकानदार गिरफ्तार

Bihar Crime: बिहार में सूखा नशा के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है।...

Motihari Surgical Strike on Drugs 12 Arrested
सूखा नशा पर सर्जिकल स्ट्राइक- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में सूखा नशा के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। मोतीहारी एसपी स्वर्ण प्रभात की सख्ती के बाद जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान ने नशा माफियाओं के होश उड़ा दिए। ढाका, कुंडवा चैनपुर, गोविंदगंज, अरेराज, चिरैया और पहाड़पुर सहित कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने एक दर्जन दुकानदारों को धर दबोचा।

इस “सर्जिकल स्ट्राइक” के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा, नशीली टैबलेट, सिरप, गोगो, नेपाली शराब और कुल 7,27,370 रुपये नकद जब्त किए। दुकान की आड़ में चल रहे इस गोरखों का पर्दाफाश होते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

सिकरहना डीएसपी के नेतृत्व में कुंडवा चैनपुर थाना पुलिस ने खरुही गांव में छापेमारी कर रामेश्वर साह को 505 ग्राम गांजा, 132 लीटर नेपाली शराब और लाखों की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। वहीं ढाका थाना पुलिस ने बिसरहिया चौक पर कार्रवाई करते हुए 5 पैकेट गांजा और 3 पैकेट गोगो के साथ बजरंगी भगत को दबोचा।

चिरैया थाना पुलिस ने माधोपुर चौक से 17 पुड़िया गांजा, 384 नशीली टैबलेट, 4 बोतल नशीली सिरप और 64 पीस गोगो के साथ शमीम अहमद को गिरफ्तार किया। अरेराज थाना अध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने जनेरवा में 16 पुड़िया गांजा और 6 गोगो बरामद कर साजन कुमार को पकड़ा। गोविंदगंज थाना पुलिस ने नवादा में छापेमारी कर गांजा और चिलम जब्त करते हुए एक अन्य दुकानदार को गिरफ्तार किया।

पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से सूखा नशा के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है। एसपी ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार