Bettiah Crime: बेतिया में बेखौफ अपराधी! युवक को सीने में गोली मारकर फरार

Bettiah Crime: बेतिया के सिसवनिया गांव में दिनदहाड़े युवक को सीने में गोली मार दी गई। घटना के बाद युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।

 Bettiah Crime
बेतिया में दिनदहाड़े फायरिंग!- फोटो : news4nation

Bettiah Crime: बिहार के बेतिया में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला चनपटिया थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव का है, जहां दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है। घायल युवक की पहचान 25 साल के अजीत पासवान के रूप में हुई है। वह सिसवनिया गांव का रहने वाला है और गांव में ही सिलाई का काम करता था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे अजीत खाना खाने के बाद अपने घर से दुकान की ओर जा रहा था।

इसी दौरान घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उसके सीने के दाहिने हिस्से में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों की मदद से अजीत को तुरंत जीएमसीएच बेतिया ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस मौके पर पहुंची 

घटना की सूचना मिलते ही चनपटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि अब तक हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।वहीं, घायल के बड़े भाई सुजीत पासवान ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने भाई को बाइक से अस्पताल लेकर गए। इस घटना के बाद परिवार में चिंता और डर का माहौल है, वहीं गांव के लोग भी सहमे हुए हैं।

प•चम्पारण बेतिया आशिष कुमार