मोतिहारी में 5 लाख रुपये की नकली भारतीय करेंसी बरामद, , नेपाल से लाई जा रहे थे जाली नोट

पुलिस के मुताबिक, तुरकौलिया थाना क्षेत्र में संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारतीय जाली नोटों का लेन-देन कर रहे हैं। इनकी कुल कीमत 4 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।

Motihari Police Seize Fake Currency
Motihari Police Seize Fake Currency- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के मोतिहारी में दीपावली और छठ के दौरान बाजार में जाली नोट खपाने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। नेपाल से लाई जा रही करीब 5 लाख रुपये की नकली भारतीय करेंसी पुलिस ने सेमरा स्टेशन के पास से बरामद की है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।


पुलिस के मुताबिक, तुरकौलिया थाना क्षेत्र में संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारतीय जाली नोटों का लेन-देन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेमरा स्टेशन के समीप वाहन जांच शुरू की।


इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी लेने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के जनरवा निवासी शेख अयनुल, पिता शेख मजीर के रूप में हुई है।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारतीय जाली नोटों के दस बंडल बरामद किए गए। इनकी कुल कीमत 4 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी और जाली नोटों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट