एकतरफा प्यार में नाबालिग ने पति-पत्नी दोनों पर किया था हमला : पटना में हुए दंपत्ति पर जानलेवा हमले में बड़ा खुलासा

Bihar News : राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबाग इलाके में बीते शनिवार को पति-पत्नि पर हुए जानलेवा हमला मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। एकतरफा प्यार में एक नाबालिग ने घटना को अंजाम दिया था....

एकतरफा प्यार में नाबालिग ने पति-पत्नी दोनों पर किया था हमला
पटना में हुए दंपत्ति पर जानलेवा हमले में बड़ा खुलासा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबाग इलाके में बीते शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। यहां एक घर में घुसकर दंपत्ति पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान पति ने दम तोड़ दिया। वहीं, पत्नी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वे अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इस मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। घटना को एकतरफा प्यार में एक नाबालिग द्वारा अंजाम दिया गया है। 


एसपी दीक्षा ने बताया कि घटना के बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 को सौंपा गया। जांच के दौरान पुलिस ने जब जख्मी महिला का बयान दर्ज किया, तो परत दर परत चौंकाने वाले खुलासे हुए। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि हमलावर नाबालिग पीड़ित के भाई की बेटी का ध्यान आकर्षित करने के लिए पहले भी पत्थरबाजी जैसी हरकतें कर चुका था।


पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी और पीड़ित की भतीजी एक ही कॉलेज में पढ़ते थे और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। हाल के दिनों में जब लड़की ने आरोपी से संपर्क कम कर दिया या पूरी तरह बंद कर दिया, तो वह आक्रोशित हो उठा। इसी सनक और गुस्से में आकर उसने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात या सुबह इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस इसे एकतरफा प्यार और सनक में उठाया गया कदम मान रही है।


तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्य और अनुसंधान के आधार पर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी (विधि-विरुद्ध बालक) को उसके मौसेरे गांव अंशुचक से निरुद्ध कर लिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है, जो इस मामले में सबसे अहम साक्ष्य माना जा रहा है।


इस हत्याकांड की साजिश और क्रियान्वयन में मुख्य आरोपी का साथ देने वाले एक अन्य नाबालिग को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस वारदात के पीछे कोई और भी शामिल था। फिलहाल, पटना पुलिस इस मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है और इलाके में इस घटना के बाद से तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।


अनिल की रिपोर्ट