Patna Crime: बोरिंग रोड गोलीकांड के मुख्य शूटर को कोर्ट स्टाफ सहित साथियों संग जाम छलकाते दबोचा

पटना के पॉश इलाके बोरिंग रोड में 16-17 फरवरी की दरमियानी रात फायरिंग करने वाला फरार आरोपी दानापुर से गिरफ्तार। पुलिस ने शराब पार्टी करते हुए कोर्ट स्टाफ समेत कुल इतने लोगों को दबोचा।

main shooter in the Boring Road shooting was caught
बोरिंग रोड गोलीकांड के मुख्य शूटर साथियों संग जाम छलकाते दबोचा - फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के सबसे पॉश इलाके बोरिंग रोड में 16-17 फरवरी की दरमियानी रात को गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा क्षेत्र दहल गया था। इस कांड में अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।


दानापुर में शराब पार्टी के दौरान पुलिस की दबिश 

लंबे समय से फरार चल रहे इस कांड के नामजद आरोपी समीर उर्फ भोलू यादव पिता: वकील राय को दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने अपने भरोसेमंद  सूत्रों से मिली बेहद सटीक जानकारी पर पुलिस दस्ते संग दानापुर इलाके से दबोच लिया है। गिरफ्तारी के समय आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ शराब पी रहा था। सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार आरोपितों में कोर्ट स्टाफ भी शामिल

 इस गिरफ्तारी की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए 11 लोगों में एक कोर्ट स्टाफ भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, शराब पार्टी में शामिल होना और गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपियों को संरक्षण देना या उनके साथ संलिप्त होना बेहद गंभीर विषय है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कोर्ट कर्मी का इन अपराधियों के साथ क्या संबंध था और क्या वह उन्हें कानूनी कार्रवाई से बचने में मदद कर रहा था।


शराबबंदी कानून और आपराधिक धाराओं के तहत कार्रवाई

पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। सभी 11 आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही, बोरिंग रोड फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी भोलू  से पूछताछ की जा रही है ताकि उस कांड में शामिल अन्य हथियारों और साजिशकर्ताओं का पता लगाया जा सके। पुलिस इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता मान रही है।