Bihar Police Crime: दारोगा ने अवैध संबंध का विरोध करने पर 4 लोगों को मारी गोली..2 की मौत 2 घायल...रात के 1 बजे महिला के घर में घुस था...

Bihar Police Crime: खाकी वर्दी को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।..

Madhubani Bihar ASI Opens Fire
अवैध संबंध का विरोध करना पड़ा भारी- फोटो : X

Bihar Police Crime: मधुबनी जिले में खाकी वर्दी को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मधुबनी जिला के बाबूबरही थाने में तैनात एक ASI पर अपनी सर्विस पिस्टल से ग्रामीणों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने का आरोप लगा है। इस खूनी गोलीकांड में 50 वर्षीय ग्रामीण अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी ASI चन्द्र मोहन फरार हो गया है। पुलिस ने उसे निलंबित कर दिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।घटना सोमवार देर रात करीब एक बजे बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव की है। गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

महिला से कथित संबंध के शक में ग्रामीणों में था आक्रोश

मिली जानकारी के मुताबिक, बलिराजगढ़ गांव में पुलिस पिकेट स्थापित है, जहां बाबूबरही थाने में तैनात ASI चन्द्र मोहन की ड्यूटी लगी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि ASI पिछले कई दिनों से गांव के एक घर में सामान लेने के बहाने आता-जाता था। इसी दौरान उस घर की एक महिला के साथ उसके कथित अवैध संबंध होने की चर्चा गांव में फैल गई थी।इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। सोमवार की देर रात करीब एक बजे जब ASI दोबारा महिला के घर पहुंचा तो कुछ ग्रामीणों ने उसे अंदर जाते देख लिया। इसके बाद धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जमा होने लगी और ग्रामीणों ने दरवाजा खोलने की मांग शुरू कर दी।

कमरे में घिरा ASI तो खिड़की से बरसाईं गोलियां

ग्रामीणों के मुताबिक, विरोध बढ़ने पर ASI को कमरे के अंदर ही घेर लिया गया। बताया जाता है कि पड़ोस की एक महिला ने दरवाजा बाहर से बंद कर शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।ग्रामीणों का आरोप है कि चारों तरफ से घिरने के बाद ASI चन्द्र मोहन बौखला गया। उसने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल निकाली और खिड़की से बाहर खड़े लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने करीब 5 से 6 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

शादी से पहले उजड़ गई अशोक यादव की जिंदगी

इस गोलीकांड में 50 वर्षीय अशोक यादव को गंभीर रूप से गोली लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अशोक यादव की आगामी दिसंबर महीने में शादी होने वाली थी। शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।गोलीबारी में तीन अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एक घायल की गर्दन, दूसरे की कमर और तीसरे के पैर में गोली लगी है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

ASI निलंबित, गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने आरोपी ASI चन्द्र मोहन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अपनी ओर से 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

सड़क जाम कर ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस जांच तेज

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। लोग आरोपी पुलिसकर्मी की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। गोलीबारी में इस्तेमाल सर्विस पिस्टल और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल इस पूरे मामले में ग्रामीणों के आरोपों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच जारी है। कथित संबंधों को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कानून की रक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाला पुलिसकर्मी आखिर किन परिस्थितियों में ग्रामीणों पर गोलियां चलाने तक पहुंच गया और उसे कब तक गिरफ्तार किया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट