Bihar Crime: नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से हिरासत में चार संदिग्ध विदेशी नागरिक, दस्तावेज नहीं मिलने से मचा हड़कंप

Bihar Crime: रेल पुलिस और सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से चार संदिग्ध विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।...

Katihar Four Suspected Foreign Nationals Detained in Train
हिरासत में चार संदिग्ध विदेशी नागरिक - फोटो : reporter

Bihar Crime: कटिहार रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस और सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से चार संदिग्ध विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। ट्रेन नंबर 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस कामाख्या से आनंद विहार, नई दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटिहार स्टेशन पर सुरक्षा बल और रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने चारों को ट्रेन से उतारकर पूछताछ की।

रेल पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान चारों संदिग्धों के पास पासपोर्ट, वीजा अथवा भारत में रहने से संबंधित कोई वैध नागरिकता दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ और जांच शुरू की गई।रेल एसपी हरि शंकर कुमार ने बताया कि 12 सितंबर को नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से चार संदिग्ध लोगों को डिटेन किया गया। इनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों महिलाएं नाबालिग हैं। प्रारंभिक पूछताछ में चारों के म्यांमार का नागरिक होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उनकी पहचान और नागरिकता की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से एक मोबाइल फोन, कामाख्या से आनंद विहार तक का सामान्य श्रेणी का रेलवे टिकट, भारतीय मुद्रा के 220 रुपये और बांग्लादेशी मुद्रा के 1090 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में चारों ने कथित तौर पर बताया कि उनके परिवार के कुछ लोग लंबे समय से जम्मू-कश्मीर में रह रहे हैं और वे उन्हीं के पास जा रहे थे। पुलिस इस दावे की भी छानबीन कर रही है।रेल एसपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उनके म्यांमार-आधारित रिफ्यूजी कैंप से जुड़े होने और बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत में आने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी जांच का विषय है।

मामले में एक अन्य संदिग्ध के फरार होने की भी जानकारी सामने आई है। रेल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये लोग भारत में किस रास्ते से दाखिल हुए, उनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं और जम्मू-कश्मीर जाने का वास्तविक मकसद क्या था।

चारों को हिरासत में लिए जाने के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां उनकी पहचान, नागरिकता, यात्रा मार्ग और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं। खासकर बांग्लादेश सीमा से भारत में प्रवेश की बात सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है।फिलहाल मामले में कानूनी और सुरक्षा संबंधी जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह