Bihar Crime:साइकिल की मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद, किशोर की मौत के बाद भीड़ का तांडव, आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला
Bihar Crime: एक मामूली साइकिल टक्कर ने देखते ही देखते दो जिंदगियों को लील गया पहले 15 वर्षीय खुशनवाज की मौत हुई, और फिर उग्र भीड़ ने आरोपी साजिद उर्फ सुकरूदीन को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।...
Bihar Crime: कटिहार के बारसोई प्रखंड अंतर्गत सुधानी थाना क्षेत्र के रहमानपुर गांव में एक मामूली साइकिल टक्कर ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। रविवार देर शाम शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो जिंदगियों को लील गया पहले 15 वर्षीय खुशनवाज की मौत हुई, और फिर उग्र भीड़ ने आरोपी साजिद उर्फ सुकरूदीन को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक, खुशनवाज़ साइकिल से कब्रिस्तान जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी साइकिल साजिद के बच्चे से टकरा गई। इस मामूली बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान साजिद ने किशोर के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।
घबराए परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, गुस्से की आग भड़क उठी। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी साजिद को पकड़ लिया, उसे बिजली के खंभे से बांधा और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। भीड़ का गुस्सा इतना बेकाबू था कि मौके पर ही साजिद की भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सुधानी थाना पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को किसी तरह काबू में किया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेजा गया है।
सोमवार सुबह फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की सख्त अपील की है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर भीड़तंत्र की खतरनाक हकीकत को उजागर कर दिया है जहां गुस्से में इंसाफ नहीं, बल्कि इंसानियत कुचल दी जाती है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह