Bihar News : सारण में अवैध गतिविधियों में संलिप्त 5 चौकीदारों पर गिरी गाज, एक बर्खास्त, जिलाधिकारी ने चार के वेतन में की कटौती

Bihar News : सारण में अवैध गतिविधियों में संलिप्त 5 चौकीदारो

CHAPRA : जिला प्रशासन ने सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही के विरुद्ध अपनी मुहिम तेज कर दी है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला सामान्य शाखा ने कर्तव्यहीनता, अवैध गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोपी पाँच चौकीदारों के विरुद्ध विभागीय जांच पूरी कर ली है। जांच में दोषी पाए गए इन कर्मियों के विरुद्ध जिलाधिकारी ने सेवा से बर्खास्तगी और वेतन में कटौती जैसे कड़े दंडात्मक आदेश जारी किए हैं।

एक चौकीदार बर्खास्त, अन्य के वेतन में कटौती

विभागीय कार्रवाई के बाद सबसे कड़ी गाज पानापुर थाना के चौकीदार लालबाबू राय पर गिरी है, जिन्हें उनकी अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के कारण सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई है। वहीं, रिविलगंज थाना के रजनीकांत मांझी, नगरा थाना के संतोष मांझी और बनियापुर थाना के संजय मांझी के विरुद्ध निम्नतर कालमान वेतन में अवनति (डिमोशन) की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त, मशरक थाना के चौकीदार विवेक कुमार को उनके आचरण के लिए भविष्य के प्रति सख्त चेतावनी दी गई है।

समय-सीमा में जांच पूरी करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को कड़ा निर्देश दिया है कि जितने भी विभागीय मामले लंबित हैं, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में निष्पादित किया जाए। जिलाधिकारी का मानना है कि लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन से न केवल न्याय सुनिश्चित होता है, बल्कि अनुशासनहीन कर्मियों में कानून का भय भी बना रहता है।

पारदर्शिता और अनुशासन सर्वोपरि

कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सारण वासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता और अनुशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जो भी सरकारी कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से नहीं करेंगे या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देंगे, उनके विरुद्ध विभागीय गाज गिरना तय है। भविष्य में भी ऐसी जांच रिपोर्ट आने पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासनिक महकमे में हड़कंप

एक साथ पाँच चौकीदारों पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे और खास तौर पर निचले स्तर के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिलाधिकारी की इस 'जीरो टॉलरेंस' नीति ने यह साफ कर दिया है कि रसूख या पद का दुरुपयोग करने वालों के लिए सारण प्रशासन में कोई जगह नहीं है। प्रशासन की इस सक्रियता की आम जनता के बीच भी काफी सराहना हो रही है।

संजय भारद्वाज की रिपोर्ट