पटना में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग: भाजपा नेता के ड्राइवर की बेटी से मंगलसूत्र-चेन छीना, अपाची बाइक से फरार बदमाश
Bihar Crime : राजधानी पटना में छिनतई की घटना थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन चेन स्ननेचिंग जैसी घटनाओं की खबर मिलना आमबात हो गई है। ताजा मामला मनेर से सामने आया है.....
Patna : राजधानी पटना और इसके आसपास के इलाकों में आपराधिक घटना थमने का नाम नहीं ले रहा। पटना सिटी में हत्या के बाद अब ताजा मामला मनेर से सामने आया है। जहां मनेर-बिहटा मेन रोड पर आज सोमवार शाम सरेराह महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात हुई है। उजले रंग की अपाची बाइक पर सवार दो बदमाश सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटकर बिहटा की ओर फरार हो गए। घटना शाम करीब 6 बजे पीरबाबा मजार के पास हुई।
शादी में जा रही थी पीड़िता:
मिली जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के हेतनपुर निवासी सरोज कुमार की पत्नी ज्योति कुमारी अपने मायके मनेर के हुलासी टोला आई थीं। वह पैदल रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। पीरबाबा मजार और भगवान दास स्कूल के बीच पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मार कर ज्योति के गले से आभूषण छीन लिया।
भाजपा नेता के ड्राइवर की बेटी है पीड़िता:
पीड़िता ज्योति कुमारी मनेर के भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक श्रीकांत निराला के ड्राइवर भोलू यादव की पुत्री बताई जाती हैं। घटना के बाद वह काफी डरी हुई हैं।
CCTV में कैद हो सकती है वारदात:
ज्योति ने बताया कि बदमाश उजले रंग की अपाची बाइक पर थे। वारदात को अंजाम देकर दोनों बिहटा की ओर भाग निकले। उन्होंने थाना में आवेदन देकर FIR दर्ज करने और भगवान दास स्कूल के पास लगे CCTV फुटेज खंगालने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी:
मनेर में राह चलती महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बाइक और बदमाशों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
कुलदीप भारद्वाज की रिपोर्ट