Bihar Crime: नौकरी के नाम पर 5 लाख की ठगी, BDO पर लगा संगीन इल्ज़ाम, प्रशासन में खलबली
Bihar Crime: बीडीओ पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है।...
Bihar Crime: बीडीओ पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है।जमुई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने जिला प्रशासन को सकते में डाल दिया है। जमुई के लक्ष्मीपुर प्रखंड के बीडीओ प्रेम प्रकाश पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता अशोक कुमार ने समाहरणालय पहुंचकर डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल और एसपी विश्वजीत दयाल को आवेदन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़ित अशोक कुमार, जो बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के दुधिझरना गांव के निवासी हैं, का आरोप है कि जब वे कटोरिया प्रखंड में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे, तभी उन्हें सरकारी शिक्षक पद पर बहाली का झांसा दिया गया। कथित तौर पर कहा गया कि राजकीय संस्कृत विद्यालय में भर्ती आने वाली है और इसके एवज में पांच लाख रुपये देने होंगे।
अशोक कुमार का दावा है कि रकम किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई। उनके मुताबिक, व्हाट्सऐप के जरिए आईसीआईसीआई बैंक का एक खाता नंबर भेजा गया, जो मनीष कुमार सिंह के नाम पर था। पीड़ित ने आवेदन के साथ बैंक स्टेटमेंट और स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए हैं। आरोप है कि रकम देने के बाद न नौकरी मिली और न ही पैसा लौटा। उल्टे नौकरी से हटाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। तीन वर्षों से वे इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं।
वहीं बीडीओ प्रेम प्रकाश ने माना कि अशोक कुमार उनके पूर्व चालक रहे हैं, लेकिन ठगी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि यह निजी लेन-देन का मामला है और पैसा किसी तीसरे व्यक्ति को दिया गया था, जिसे जल्द लौटाया जाएगा।
दूसरी ओर, मनीष कुमार सिंह ने भी स्वीकार किया कि रकम उनके खाते में आई थी और यह बीडीओ की जानकारी में था। हालांकि उन्होंने अपने पद के बारे में स्पष्ट कुछ नहीं कहा, पर राशि लौटाने का आश्वासन दिया।अब शिकायतकर्ता ने एसपी से कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की मांग की है। मामले के उजागर होते ही ‘सुशासन’ पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल प्रशासनिक हलकों में हलचल है और सबकी निगाहें संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।
सुमित सिंह की रिपोर्ट