शिवहर में हैवानियत की इंतहा,बदले की आग में जली चाची, 2 साल के मासूम का गला घोंट बोरे में छिपाया शव
Bihar Crime: शिवहर जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया।...
Bihar Crime: बिहार के शिवहर जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए बदले की आग में अंधी हुई एक महिला ने दो साल के मासूम को ही अपना निशाना बना लिया। आरोप है कि रिश्ते में चाची लगने वाली महिला ने मासूम का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया और उसके शव को बोरे में बंद कर घर में ही छिपाकर रख दिया। इस खौफनाक कांड के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
यह दिल दहला देने वाली घटना शिवहर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव की है। मृतक बच्चे की पहचान सुजीत कुमार (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ताजपुर निवासी अरुण शाह का पुत्र था। बताया जाता है कि 13 मार्च की सुबह करीब 10 बजे से ही मासूम सुजीत अचानक लापता हो गया था। परिवार वालों ने पहले आसपास और गांव में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घबराए परिजनों ने पूरे मामले की सूचना शिवहर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त खबर मिली कि अरुण शाह के चचेरे भाई चंद किशोर शाह के घर में कुछ संदिग्ध सुराग मिल सकते हैं। पुलिस टीम ने तुरंत उस घर में दबिश दी और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक बोरा मिला, जिसे खोलते ही सबके होश उड़ गए—उसमें दो साल के मासूम सुजीत का शव बंद मिला।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, नगर थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस और एफएसएल टीम पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि चंद किशोर शाह की पत्नी पार्वती देवी ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर सुजीत की मां चिंता देवी और आरोपी महिला के बीच लंबे समय से विवाद और तकरार चल रही थी। इसी रंजिश की आग में जलकर आरोपी महिला ने मासूम की जान ले ली।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने जुर्म कबूल कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चे का गला दबाकर हत्या की गई। गले पर खरोंच के निशान और शव का नीला पड़ना इस ओर इशारा कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है। वहीं गांव में हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार