Bihar Crime: इश्क के जाल में फंसाकर विवाह, फिर पांच लाख की डकैती, लुटेरी दुल्हनों का संगीन खेल बेनकाब

Bihar Crime: लुटेरी दुल्हनों के गैंग ने शादी का झांसा देकर दोनों दूल्हों को पांच लाख रुपये का चूना लगा दिया और फिर चाकू की नोंक पर दहशत फैलाकर फरार हो गए।

Gopalganj Marriage by trapping in the web of love then robbe
लुटेरी दुल्हनों का संगीन खेल बेनकाब- फोटो : X

Bihar Crime: लुटेरी दुल्हनों के गैंग ने शादी का झांसा देकर दोनों दूल्हों को पांच लाख रुपये का चूना लगा दिया और फिर चाकू की नोंक पर दहशत फैलाकर फरार हो गए।बिहार के गोपालगंज में मोहब्बत के नाम पर ऐसा फरेब रचा गया कि राजस्थान से आए दो नौजवानों को शादी के मंडप से सीधा मायूसी की खाई में धकेल दिया गया। 

मामला किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं। जयपुर के सांगानेर निवासी अंकित कुमार और सवाई माधोपुर के प्रिंस को उनके ही इलाके के एक दलाल ने भरोसा दिलाया कि बिहार में शरीफ खानदान की लड़कियों से शादी करा देगा। दलाल ने पहले ही दोनों से दो-दो लाख रुपये नगद ऐंठ लिए। ऊपर से शादी के खर्च के नाम पर पचास-पचास हजार रुपये और वसूल लिए गए।

सोमवार सुबह दोनों युवक अपने परिजनों संग बस से गोपालगंज पहुंचे। बंजारी मोड़ से दलाल का गुर्गा उन्हें जादोपुर रोड के एक मैरेज हॉल में ले गया। वहां बाकायदा इस्तकबाल हुआ, दावत उड़ाई गई और फिर दो युवतियां पेश की गईं, जिन्होंने हामी भर दी। रस्म-ओ-रिवाज के साथ शादी संपन्न कराई गई, तस्वीरें खिंचीं और माहौल को भरोसे का जामा पहनाया गया।हैरानी की बात यह कि दुल्हनें भी इस साजिश का हिस्सा निकलीं। पूरा गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

लेकिन असली खेल अभी बाकी था। शादी के चंद लम्हों बाद जब दोनों दूल्हे अपनी नई नवेली दुल्हनों के साथ ऑटो से बस स्टैंड की तरफ निकले, तभी बंजारी मोड़ के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने ऑटो रोक लिया। मारपीट, छीना-झपटी और फिर चाकू की नोंक पर धमकी। इसी अफरातफरी में दोनों दुल्हनें बाइक सवारों के साथ फरार हो गईं।

पीड़ित दूल्हों ने नगर थाने में दलाल को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है और लिखित आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर ने कांड दर्ज कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।