Bihar Crime: साइबर ठगों ने रिटायर्ड कैप्टन को लगाया 3 लाख का चूना, साइबर थाना ने दो माह में लौटाई रकम

Bihar Crime: साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच कैमूर साइबर थाना की सक्रियता से रिटायर्ड आर्मी कैप्टन के खाते से उड़ाए गए तीन लाख रुपये वापस कराने में कामयाबी मिली है। ...

Cyber Fraud Hits Retired Army Captain
साइबर अपराधियों पर नकेल- फोटो : reporter

Bihar Crime:  साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच कैमूर साइबर थाना की सक्रियता से रिटायर्ड आर्मी कैप्टन के खाते से उड़ाए गए तीन लाख रुपये वापस कराने में कामयाबी मिली है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के परामलपुर गांव निवासी रिटायर्ड कैप्टन परमा सिंह साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए थे। करीब दो महीने तक चली कार्रवाई के बाद साइबर थाना ने रकम वापस उनके खाते में दिलाई। रकम वापस मिलने के बाद कैप्टन ने साइबर डीएसपी नीतू सिंह समेत साइबर थाना की पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया।

जानकारी के मुताबिक, 27 जुलाई को परमा सिंह अपने बैंक खाते से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए भभुआ स्थित एसबीआई शाखा जा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर उन्हें एसबीआई YONO का अधिकारी बनकर फोन किया गया। फोन करने वाले ने बैंक खाते की समस्या दूर करने का भरोसा दिलाते हुए मोबाइल पर एक लिंक खोलकर कुछ प्रक्रिया पूरी करने को कहा।

कैप्टन परमा सिंह बताए गए तरीके के मुताबिक प्रक्रिया पूरी करते गए। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब तीन लाख रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद जब उन्होंने उसी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।घटना के बाद उन्होंने तत्काल भगवानपुर एसबीआई शाखा पहुंचकर बैंक खाते को बंद कराया और मामले की जानकारी दी। इसके बाद भभुआ साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। साइबर थाना के कर्मियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रकम की रिकवरी के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू की।

लगातार कार्रवाई और तकनीकी प्रक्रिया के बाद साइबर थाना की टीम ने करीब दो माह के भीतर रिटायर्ड कैप्टन के तीन लाख रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की। रकम वापस मिलने के बाद परमा सिंह ने साइबर डीएसपी नीतू सिंह और पूरी टीम के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि अगर समय रहते साइबर थाना ने सहयोग नहीं किया होता तो सेना में नौकरी के दौरान खून-पसीने से कमाई गई उनकी रकम पूरी तरह लुट सकती थी। उन्होंने कहा कि जवान देश की सेवा करते हैं और उसी तरह पुलिस भी नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहती है।कैमूर में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच यह कार्रवाई लोगों के लिए राहत की खबर है। साथ ही घटना एक बार फिर इस बात की ताकीद करती है कि बैंक अधिकारी बनकर आने वाले अनजान कॉल और लिंक से बेहद सावधान रहने की जरूरत है।

रिपोर्ट- देवब्रत तिवारी