पश्चिम चंपारण में दिल दहला देने वाली घटना, पेड़ से लटके मिले किशोर प्रेमी युगल, 16 और 17 साल में लगाया मौत हो गले
मृतकों की पहचान 17 वर्षीय किशोर और 16 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
Bihar News : पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बगीचे में पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटकते हुए मिले। घटना सिरसिया गांव की है, जहां सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके दोनों शवों पर पड़ी। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिकटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय किशोर और 16 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई है। दोनों सिरसिया गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में जयप्रकाश सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नरकटियागंज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद सिरसिया गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेतिया से आशिष कुमार की रिपोर्ट