Bihar Crime: वार्ड सदस्य के पति को अपराधियों ने सीने में मारी गोली, बेटी के सामने ढेर कर फरार हुआ बदमाश, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का तांडव कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। बदमाशों ने इस बार वार्ड सदस्य के पति को निशाना बनाया है।...

Bihar Crime: वार्ड सदस्य के पति को अपराधियों ने सीने में मार
वार्ड सदस्य के पति को अपराधियों ने सीने में मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का तांडव कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। बदमाशों ने इस बार   वार्ड सदस्य के पति को निशाना बनाया है। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तिलकपुर पंचायत के नशेपुर गांव में वार्ड सदस्य के पति को बदमाश ने सरेआम गोली मार दी। वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम कर दिया। घायल की पहचान विजय यादव के रूप में हुई है, जिन्हें सीने में गोली लगी है।

जानकारी के मुताबिक, विजय यादव अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने भागलपुर गए थे। परीक्षा के बाद वह बेटी के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुख्यात प्रवृत्ति के अनीश मंडल ने रास्ता रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद आरोपी ने विजय यादव की बेटी के सामने ही सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग जमा होने लगे। भीड़ जुटती देख आरोपी बगीचे की ओर भागकर फरार हो गया।

गंभीर रूप से जख्मी विजय यादव को आनन-फानन में सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना को लेकर विजय यादव की पत्नी देवी देवी ने बताया कि चार साल पहले मामूली विवाद को लेकर उनके पति के साथ मारपीट की गई थी। उस वक्त पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी और पंचायत स्तर पर समझौता भी हुआ था। बावजूद इसके आरोपी का आपराधिक मिजाज नहीं बदला। वह कई वारदातों में शामिल रहा और जेल भी जा चुका है। करीब 15 दिन पहले ही वह जेल से बाहर आकर गांव में घूम रहा था।

इलाके में इस गोलीकांड के बाद तनाव व्याप्त है। ग्रामीणों में गुस्सा है और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावर को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है।

रिपोर्ट -अंजनी कुमार कश्यप