Bihar Crime: खुशहाल शादी बनी पहेली,घर में अकेली थी दुल्हन, संदिग्ध मौत ने बढ़ाई सस्पेंस
Bihar Crime: शादी के महज 10 दिन बाद ही नवविवाहिता अनामिका कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।...
Bihar Crime: भागलपुर के रसलपुर थाना क्षेत्र के धनौरा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने खुशियों भरे घर को मातम में बदल दिया। शादी के महज 10 दिन बाद ही नवविवाहिता अनामिका कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, अनामिका की शादी हाल ही में नारद कुमार उर्फ फैंटीस के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन रविवार सुबह अचानक सब कुछ बदल गया। अनामिका का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त वह घर में अकेली थी।
जैसे ही घटना की खबर फैली, गांव में अफरातफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पति नारद कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों से भी लगातार जानकारी जुटाई जा रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैंक्या यह आत्महत्या है, या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी हुई है? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है, जिसमें पारिवारिक विवाद, मानसिक दबाव या किसी अन्य कारण की भी पड़ताल की जा रही है।
गांव में फिलहाल शोक और डर का माहौल है। हर कोई इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई जानना चाहता है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि खुशियों के बीच छिपे तनाव कब और कैसे ऐसी त्रासदी में बदल जाते हैं।
रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप