Bihar News : बांका के अमरपुर में दो अलग-अलग जगहों पर मिले अज्ञात महिला और युवक के शव, इलाके में फैली सनसनी

Bihar News : बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो अलग-अलग स्थानों से एक अज्ञात महिला और एक युवक के शव बरामद हुए।

Bihar News : बांका के अमरपुर में दो अलग-अलग जगहों पर मिले अज
दो शव बरामद - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात महिला और युवक के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक ओर मकई के खेत में एक विवाहिता का शव मिला, वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे युवक की लाश बरामद होने से ग्रामीणों में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर जिले के वरीय अधिकारी पहुंचकर जांच में जुट गए।

मकई के खेत में विवाहिता का शव, हत्या की आशंका से हड़कंप

अमरपुर प्रखंड के भरको पंचायत अंतर्गत रामपुर भुरहा बहियार स्थित मकई के खेत में सोमवार सुबह करीब 30 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते रामपुर, भरको, सुराहा और नवटोलिया समेत आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला का चेहरा और गला काला पड़ा हुआ था और शव के पास जली हुई घास भी मिली। इस आधार पर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर किसी रसायन का इस्तेमाल किया गया। हालांकि पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने प्रारंभिक जांच में बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर नमूने एकत्र किए, वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए  बांका भेज दिया है।

तीन गाछी मोड़ पर युवक की लाश, पहचान बनी पहेली

इसी दिन अमरपुर थाना क्षेत्र के डटबाटी–अमरपुर मुख्य मार्ग स्थित तीन गाछी मोड़ के समीप सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। सुबह टहलने निकले लोगों ने सबसे पहले शव देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है।

एसपी ने संभाला मोर्चा, हर पहलू पर जांच

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दोनों शवों की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है और पुलिस हर एंगल—हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

इलाके में दहशत, चर्चाओं का बाजार गर्म

लगातार दो अलग-अलग जगहों पर शव मिलने की घटना से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। वहीं गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है। फिलहाल दोनों ही मामलों की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सुलझ पाएगी। 

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट