Bihar Health News: बगहा अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल, अस्पताल में तोड़फोड़ और हंगामा, परिजनों का लापरवाही का इल्ज़ाम, जांच के घेरे में पूरा मामला

Bihar Health News:अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद ऐसा बवाल मचा कि अस्पताल कुछ देर के लिए जंग का मैदान बन गया।...

bettiah Ruckus over death of newborn in Bagaha hospital
बगहा अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल- फोटो : reporter

Bihar Health News: बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद ऐसा बवाल मचा कि अस्पताल कुछ देर के लिए जंग का मैदान बन गया। गम में डूबे परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा, नारेबाजी और तोड़फोड़ की। परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर कथित लापरवाही का संगीन इल्ज़ाम लगाया, जबकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्वास्थ्य सेवाएं भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं।

जानकारी के मुताबिक, चौतरवा थाना क्षेत्र निवासी रितेश राम अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्रसव के दौरान नवजात मृत अवस्था में पैदा हुआ। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का सब्र टूट गया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और प्रसव कक्ष के बाहर तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा किया।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कथित लापरवाही की वजह से नवजात की जान चली गई। उनका कहना है कि समय रहते उचित इलाज और देखभाल की जाती तो शायद मासूम की जान बच सकती थी। दूसरी ओर अस्पताल के चिकित्सकों ने इन सभी आरोपों से साफ इनकार किया है। उनका दावा है कि बच्चा पहले से ही मृत अवस्था में पैदा हुआ था और इलाज में किसी तरह की कोई कोताही नहीं बरती गई।

घटना की सूचना मिलते ही बगहा नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल यह मामला आरोप और सफाई के बीच उलझा हुआ है, जबकि परिजन इंसाफ की मांग पर अड़े हैं। अब सभी की निगाह जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस पूरे विवाद की सच्चाई सामने आ सके।

रिपोर्ट- आशीष कुमार