Bihar Crime: म्यूल अकाउंट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 28 ATM, 8 मोबाइल, 10 सिम के साथ साइबर ठगी का हुआ बड़ा खुलासा

Bihar Crime: पुलिस ने साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क पर बड़ा वार करते हुए एक शातिर आरोपी को दबोच लिया।....

Bettiah cyber fraud involving 28 ATMs 8 mobile phones 10 SIM
म्यूल अकाउंट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार- फोटो : reporter

Bihar Crime: पुलिस ने साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क पर बड़ा वार करते हुए एक शातिर आरोपी को दबोच लिया। बेतिया साइबर थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बेतिया नौतन थाना क्षेत्र के मंगलपुर बाजार स्थित एक दुकान में छापेमारी कर 28 एटीएम कार्ड, 08 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 05 बैंक पासबुक और 04 चेकबुक बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार गुप्ता (उम्र लगभग 30-32 वर्ष), निवासी मंगलपुर गुदरिया, थाना नौतन, जिला पश्चिम चम्पारण के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भारी मात्रा में ‘म्यूल अकाउंट’ खरीदकर उन खातों में साइबर फ्रॉड की रकम मंगवाता था। फिर 7 से 8 प्रतिशत कमीशन काटकर बाकी राशि अपने सहयोगी साइबर अपराधियों के खातों में एटीएम कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए ट्रांसफर कर देता था।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए कई खातों पर साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं और लाखों रुपये के लेन-देन की पुष्टि हुई है। पुलिस अधीक्षक बेतिया के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) के नेतृत्व में गठित टीम ने नौतन थाना के सहयोग से “गुप्ता वस्त्रालय” में छापा मारा, जहां से ये आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह 4 से 5 हजार रुपये में बैंक अकाउंट और सिम खरीदता था और उन्हें साइबर गिरोह के हवाले कर देता था। इस पूरे खेल में वह खुद को सिर्फ ‘कमिशन एजेंट’ बताता रहा, लेकिन पुलिस इसे बड़े रैकेट की कड़ी मान रही है।

मामले में बेतिया साइबर थाना कांड संख्या 08/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार