बेगूसराय में खूनी संघर्ष, 50 राउंड से ज्यादा फायरिंग, चार लोगों को लगी गोली, पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील
बेगूसराय में कथित जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में बुधवार को खुनी संघर्ष हुआ. इसमें न सिर्फ करीब 50 राउंड गोलियां चली हैं बल्कि चार लोगों के घायल होने पर उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
Bihar News : बिहार के बेगूसराय जिले में जमीन विवाद ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल-चंदवारा गांव में करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर बाउंड्री निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से 50 से अधिक राउंड फायरिंग की गई। इस घटना में चार लोगों को गोली लगी, जबकि एक अन्य व्यक्ति मारपीट में घायल हो गया। गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। घटना में घायल सिंधु कुमार (25), धीरज (26), उनके पिता धनवीर और सनोज (30) को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
बाउंड्री निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत जमीन की घेराबंदी (बाउंड्री) को लेकर हुई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि हथियार निकल आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। एक पक्ष के केबी यादव ने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन उनके पूर्वजों की है, लेकिन कुछ भू-माफिया जबरन उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी जेसीबी मशीन और बड़ी संख्या में हथियारबंद लोगों के साथ पहुंचे और जमीन पर पिलर गाड़कर बाउंड्री बनाने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उनके परिवार के चार लोगों को गोली लगी।
लोगों ने खदेड़कर दो आरोपियों को पकड़ा
गोलीबारी के बाद गांव के लोग आक्रोशित हो गए। घटना को अंजाम देकर भाग रहे कुछ बदमाशों का ग्रामीणों ने पीछा किया और दो लोगों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। दोनों घायल आरोपियों को बाद में पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।
घटनास्थल से 12 बाइक बरामद
सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसपी मनीष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन पर बाउंड्री निर्माण को लेकर हुए विवाद का है। फायरिंग में चार लोग घायल हुए हैं और सभी का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही है तथा घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट