मुजफ्फरपुर बुजुर्ग दंपत्ति डबल मर्डर के किलर का स्केच जारी, सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम

मुजफ्फरपुर में रिटायर बैंककर्मी दंपत्ति की हत्या मामले में पुलिस अबतक हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। अब पुलिस ने हत्यारों का स्केच जारी करते हुए सटीक जानकारी देने वालों के लिए इनाम का एलान किया है.....

मुजफ्फरपुर बुजुर्ग दंपत्ति डबल मर्डर के किलर का स्केच जारी,
डबल मर्डर के किलर का स्केच जारी- फोटो : मणिभूषण

Muzaffarpur : जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामबाग चौड़ी में बीते दिनों हुए रिटायर्ड बैंक कर्मी अशोक कुंवर (75) और उनकी पत्नी नीलम कुंवर (70) के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस अबतक आरोपियों की तलाश नहीं कर पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्ध सुपारी किलर का स्केच जारी कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने या सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।


महीनों की प्लानिंग के बाद दी गई वारदात को अंजाम, फर्जी सिम का हुआ था इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने कई महीनों की फुलप्रूफ प्लानिंग के बाद इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। घटना के समय सुपारी किलर जिस सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था, वह करीब तीन महीने पहले मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 4 के सामने एक दुकान से खरीदा गया था। जांच में पता चला कि यह सिम सकरा थाना क्षेत्र के एक रिक्शा चालक रणधीर कुमार के नाम पर लिया गया था, जिसके बाद पुलिस ने रिक्शा चालक और सिम विक्रेता को हिरासत में ले लिया है।


मास्क पहने वकील के वेश में आया था संदिग्ध, पैसों का लालच देकर बनवाया सिम

पुलिस पूछताछ में रिक्शा चालक रणधीर कुमार ने खुलासा किया कि करीब 3 महीने पूर्व मोतीझील फ्लाईओवर के पास उसे वकील की पोशाक पहने और चेहरे पर मास्क लगाए एक व्यक्ति मिला था। उसने रिक्शा भाड़े पर लिया और फिर पैसों का प्रलोभन देकर सिम कार्ड निकलवाने की बात कही। लालच में आकर रिक्शा चालक ने मुजफ्फरपुर स्टेशन के पास स्थित दुकान से अपने पहचान पत्र/आधार कार्ड का उपयोग कर नया सिम कार्ड निकालकर उस अनजान व्यक्ति को सौंप दिया।


नियमों को ताक पर रखकर बेचा गया सिम, दुकानदार से भी हो रही पूछताछ

उधर कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी सिम विक्रेता राकेश कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने भी घटना की पुष्टि की। उसने बताया कि तीन महीने पहले रिक्शा चालक के साथ वकील के ड्रेस में एक व्यक्ति आया था, जिसने आइडिया कंपनी का सिम लिया था। पुलिस की शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ कि महज कुछ रुपयों के लालच में दुकानदार ने नियमों की अनदेखी कर किसी अन्य के नाम पर सक्रिय सिम कार्ड उस अज्ञात व्यक्ति को थमा दिया।


फरार सुपारी किलर की तलाश में कई जिलों में छापेमारी, सूचनादाता की पहचान रहेगी गुप्त

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही सुपारी किलर भूमिगत हो गया है, जिससे पुलिस की चुनौतियां बढ़ गई हैं। पुलिस की विशेष टीमें मुजफ्फरपुर समेत आसपास के कई पड़ोसी जिलों में लगातार संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही हैं। मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि जारी किए गए स्केच से मिलते-जुलते व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।


मणिभूषण की रिपोर्ट