Bihar Crime: अवैध बालू के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा, तीन गिरफ्तार
Bihar Crime: अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है।
Bihar Crime: बांका जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। लकड़ीकोला स्थित चंदन नदी में अवैध बालू परिवहन की इत्तिला पर खनन विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर को नदी से बाहर निकालने के वक्त कुछ लोगों पर सरकारी कार्रवाई का विरोध करने, सरकारी काम में रुकावट डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का इल्जाम लगा है।
मामले को लेकर खनन विभाग की ओर से बांका थाना में लिखित आवेदन दिया गया। इसके आधार पर बांका थाना कांड संख्या 584/26 दर्ज की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ बांका अमर विश्वास की निगरानी में विशेष छापेमारी दल गठित किया।
विशेष टीम में बांका थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मो. शहजाद, पुलिस अवर निरीक्षक संजय सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार के अलावा बड़ी तादाद में पुलिस बल को शामिल किया गया। टीम ने रात में लकड़ीकोला गांव में दबिश देकर मामले में संलिप्त बताए जा रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उमेश्वर कुमार महतो, अमृतेश कुमार और प्रताप कुमार यादव के रूप में हुई है। तीनों लकड़ीकोला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे शामिल अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। जिला प्रशासन का कहना है कि चंदन नदी समेत जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट