Railway Recruitment 2026 : रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने का सपना देखने वालों को झटका, भर्ती परीक्षा का पैटर्न बदला

Railway Recruitment 2026 : रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है।

Railway Recruitment 2026 : रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने का स

Railway Recruitment 2026 : रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने स्टेशन मास्टर पद पर सीधी भर्ती की न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष से बढ़ाकर 20 वर्ष कर दी है। यानी अब इस पद के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को पहले की तुलना में दो साल अधिक उम्र का होना जरूरी होगा। हालांकि, अधिकतम आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह पहले की तरह 30 वर्ष ही रहेगी। दूसरी ओर, रेलवे ने वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर भर्ती प्रक्रिया में भी बदलाव करने का फैसला किया है। अब अभ्यर्थियों को दो चरणों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा के बजाय केवल एक लिखित परीक्षा देनी होगी।

उम्र सीमा में बदलाव, नया नियम कब से लागू?

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारतीय रेलवे स्थापना नियमावली के संबंधित प्रावधानों में संशोधन किया गया है। नया नियम आदेश जारी होने की तारीख से प्रभावी होगा। हालांकि, जिन भर्तियों के लिए केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना पहले ही जारी हो चुकी है, उनकी चयन प्रक्रिया पुराने नियमों के तहत ही पूरी की जाएगी।

अब दो नहीं, एक ही लिखित परीक्षा

स्टेशन मास्टर पद के लिए वर्ष 2026 से अलग केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने का निर्णय लिया गया है। पहले यह पद आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के तहत शामिल होता था, लेकिन नई व्यवस्था में स्टेशन मास्टर पद को इससे अलग कर दिया गया है।नई चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को सीबीटी-1 और सीबीटी-2 के बजाय केवल एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सिंगल स्टेज सीबीटी देनी होगी। परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

परीक्षा में किस विषय से कितने सवाल?

नई परीक्षा में प्रश्नों का वितरण इस प्रकार रहेगा:बेसिक साइंस, गणित एवं डेटा विश्लेषण: 60 अंक,लॉजिकल कैपेबिलिटी: 20 अंक,मेंटल रीजनिंग: 20 अंक।लिखित परीक्षा के आधार पर कुल रिक्तियों के आठ गुना अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी) के लिए बुलाया जाएगा।

फाइनल मेरिट में सीबीटी और सीबीएटी का वेटेज

अंतिम मेरिट सूची तैयार करते समय लिखित परीक्षा के अंकों को 70 प्रतिशत और सीबीएटी के अंकों को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इसके बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण में रिक्तियों के अनुपात में एक-एक अभ्यर्थी को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा।

स्टेशन मास्टर पद के लिए स्नातक होना जरूरी होगा। चयनित अभ्यर्थियों को वेतन स्तर-6 के तहत वेतन मिलेगा, जबकि निर्धारित मेडिकल मानक ए-2 रहेगा।

तकनीशियन भर्ती की उत्तरकुंजी भी जारी

इधर, रेलवे भर्ती बोर्ड ने तकनीशियन ग्रेड-1 (सिग्नल) और ग्रेड-3 भर्ती परीक्षा की उत्तरकुंजी तथा प्रश्न-प्रतिक्रिया पत्रक जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी 22 अक्टूबर की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए 50 रुपये और लागू बैंक शुल्क देना होगा। आपत्ति सही पाए जाने पर निर्धारित शुल्क वापस कर दिया जाएगा।

रेलवे की इन घोषणाओं से भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को आयु सीमा और चयन प्रक्रिया, दोनों में हुए बदलावों को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति तैयार करनी होगी। आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना में पात्रता, परीक्षा पैटर्न और महत्वपूर्ण तारीखों की पुष्टि करना जरूरी है।