Mumbai Milk Price: 1 सितंबर से इस राज्य में दूध खरीदना पड़ेगा महंगा, थोक कीमत में 9 प्रति लीटर बढ़ोतरी
Mumbai Milk Price: मुंबई में 1 सितंबर 2026 से दूध 9 रुपये प्रति लीटर महंगा होगा। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने थोक कीमत 93 से बढ़ाकर 102 रुपये करने का फैसला किया है।
Mumbai Milk Price: मुंबई में दूध खरीदने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। 1 सितंबर 2026 से शहर में दूध के थोक दाम बढ़ने जा रहे हैं। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने दूध की कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसके बाद मुंबई में दूध का थोक भाव 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।
नई कीमतें 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगी। यह फैसला जोगेश्वरी के दीवान सेंटर हॉल में हुई मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन की बैठक में लिया गया।
दूध के दाम क्यों बढ़ाए गए?
एसोसिएशन के मुताबिक, दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है। डेयरी में इस्तेमाल होने वाले जानवरों की कीमत बढ़ने के साथ उनके चारे के दाम में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, अनाज, तुरचुनी और चना चुन्नी जैसे पशु चारे की कीमतों में करीब 25 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। चारा और खली महंगी होने से दूध का उत्पादन करने वाले किसानों और पशुपालकों पर खर्च का बोझ बढ़ गया है। इसी वजह से एसोसिएशन ने दूध का थोक भाव 9 रुपये बढ़ाने का फैसला किया है। अब 1 सितंबर से मुंबई में दूध का थोक दाम 102 रुपये प्रति लीटर होगा।
दिल्ली-NCR में अभी कितने रुपये लीटर है दूध?
मुंबई के मुकाबले दिल्ली-NCR में पैक्ड दूध की कीमत फिलहाल कम है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में फुल क्रीम दूध करीब 72 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं स्थानीय दूध विक्रेताओं के यहां खुला दूध करीब 80 रुपये प्रति लीटर तक मिल रहा है। गाय के दूध की कीमत आम तौर पर 65 से 70 रुपये प्रति लीटर के बीच बताई जा रही है। हालांकि, खुले दूध और स्थानीय डेयरी के दाम जगह के हिसाब से अलग हो सकते हैं।
अलग-अलग दूध की कीमत
दिल्ली-NCR में फुल क्रीम दूध करीब 72 रुपये प्रति लीटर है। टोंड दूध की कीमत करीब 58 से 60 रुपये प्रति लीटर है। गाय का दूध करीब 62 से 64 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड या डाइट दूध करीब 50 से 52 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। भैंस के दूध की कीमत करीब 75 से 80 रुपये प्रति लीटर तक है, जबकि टोकन या बल्क दूध करीब 54 रुपये प्रति लीटर बताया गया है। मुंबई में दूध की थोक कीमत बढ़ने के बाद आने वाले दिनों में इसका असर खुदरा बाजार पर भी पड़ सकता है। हालांकि, ग्राहक को कितनी कीमत पर दूध मिलेगा, यह स्थानीय दुकानदार और दूध बेचने वाली कंपनी के हिसाब से अलग हो सकता है।