हथियार के साथ बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचा था अपराधी : पुलिस ने किया गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

हथियार के साथ बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचा था अपराधी : प
हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur : जिले में दुर्गा पूजा के मेलों और उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक कुख्यात अपराधी को पुलिस ने दबोच लिया है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने बेनीबाद थाना क्षेत्र के रमौली चौक के पास लगे दुर्गा पूजा मेले से एक अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पूछताछ की औपचारिकता पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


गुप्त सूचना के आधार पर बेनीबाद थाना पुलिस की छापेमारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेनीबाद थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि रमौली चौक के समीप स्थित दुर्गा पूजा मेले में एक संदिग्ध युवक हथियार से लैस होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की ताक में घूम रहा है। इस संवेदनशील सूचना के मिलते ही बेनीबाद थाना प्रभारी ने तुरंत इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस बल के साथ मौके पर त्वरित छापेमारी कर घेराबंदी की गई और मेले से ही औराई थाना क्षेत्र के रहने वाले विकास कुमार यादव को धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए।


कई थानों में पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले, एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने की पुष्टि

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी विकास कुमार यादव से कड़ाई से पूछताछ की, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस को जानकारी मिली कि इस अपराधी पर औराई और जजुआर थाना क्षेत्र में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 


इस संबंध में पूर्वी क्षेत्र के एसडीपीओ (SDPO East 1) अलय वत्स ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


मनीभूषण की रिपोर्ट