Bihar News: एक ही परिवार के चार लोगों ने खाया जहर, तीन की मौत, बच्ची गंभीर

Bihar News: वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बीच एक ही परिवार के चार लोगों ने कथित तौर पर जहर खा लिया।

Vaishali Family Poisoning Three Dead Teenage Girl Critical
चार लोगों ने खाया जहर- फोटो : reporter

Bihar News: वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बीच एक ही परिवार के चार लोगों ने कथित तौर पर जहर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय एक बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव की है। मृतकों में 55 वर्षीय निर्मला देवी, 35 वर्षीय सीमा देवी और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार शामिल हैं। वहीं, 15 वर्षीय ऋषिका जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

बताया जा रहा है कि यह परिवार श्यामनंदन सिंह का है। उनकी मौत के बाद इकलौता बेटा राहुल पुश्तैनी जमीन लगातार बेच रहा था। परिवार के लोग इसका विरोध कर रहे थे। इसी बीच शनिवार को राहुल ने एक और जमीन बेच दी। इसकी जानकारी पत्नी सीमा देवी को हुई तो उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय से जमीन के दस्तावेज की नकल निकलवाई और पति से पूछताछ की। सीमा ने जमीन बेचने का विरोध किया। आरोप है कि इस बात को लेकर राहुल ने अपनी मां और पत्नी के साथ मारपीट की और फिर घर छोड़कर फरार हो गया।

इसके बाद घर में तनाव और बढ़ गया। आरोपों के मुताबिक, रात में राहुल की मां निर्मला देवी और पत्नी सीमा देवी ने जहर खा लिया और बच्चों को भी जहरीला पदार्थ खिला दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और जहर खाने की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलते ही गोरौल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल राहुल की भूमिका, घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद प्रेमराज गांव में मातम पसरा है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार