Bihar News:गंगा स्नान के लिए जा रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, तीन की मौत, बच्ची समेत तीन घायल

Bihar News:गंगा स्नान की आस्था के बीच एक भीषण सडक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं।

रफ्तार का कहर
रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar News:कटिहार जिले में गंगा स्नान की आस्था के बीच एक भीषण सडक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कटिहार जिले के मनिहारी गंगा घाट जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सडक किनारे खडे बालू लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों में एक दंपति और उनकी पडोस में रहने वाली एक महिला शामिल बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के बैगना निवासी कुछ लोग स्कॉर्पियो से मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान मनिहारी थाना क्षेत्र के पागलबाडी-कुतुबपुर मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। बताया जाता है कि सडक किनारे बालू लदा एक ट्रक खराब होने के कारण खडा था। इसी बीच कटिहार की ओर से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।

हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर में एक दंपति और उनके पडोस की एक अन्य महिला ने मौके पर ही दम तोड दिया। वहीं, एक बच्ची और चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। खराब ट्रक सडक किनारे किस परिस्थिति में खडा था और स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण क्यों नहीं रख सका, इसकी भी पडताल की जा रही है।

गंगा स्नान के लिए निकले लोगों की यात्रा का इस तरह मातम में बदल जाना पूरे इलाके को शोकाकुल कर गया है। बैगना में मृतकों के परिजनों के बीच दुख का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर सडक किनारे खडे खराब वाहनों और तेज रफ्तार से होने वाले हादसों को लेकर गंभीर सवाल खडे कर दिए हैं।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह