MLC चुनाव में 'धनबल' का बड़ा खेल : तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलीय उम्मीदवार प्रेम यादव ने वीडियो वायरल कर जनसुराज समेत कई प्रत्याशियों पर लगाए गंभीर आरोप

बिहार एमएलसी चुनाव से पहले तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलिय प्रत्याशी ने एक विडियो वायरल कर सनसनी मचा दी है। निर्दलिए प्रत्याशी प्रेम यादव ने जनसुराज और बीजेपी समेत कई अन्य प्रत्याशियों पर चुनावव में पैसे बांटने का आरोप लगाया है....

MLC चुनाव में 'धनबल' का बड़ा खेल : तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलीय उम्मीदवार प्रेम यादव का बड़ा आरोप- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार की राजनीति में चुनाव के दौरान आरोपों और वीडियो वॉर का सिलसिला नया नहीं है, लेकिन बिहार विधान परिषद के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव से सामने आए एक सनसनीखेज वीडियो ने सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है। वैशाली जिले के बिदुपुर के रहने वाले और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलीय उम्मीदवार प्रेम कुमार यादव ने एक वीडियो वायरल कर चुनाव में 'धनबल' के खुलेआम इस्तेमाल के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। इस खुलासे के बाद से प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है।


वीडियो में कई दिग्गज उम्मीदवारों और दलों पर पैसे बांटने के खुलासे

प्रेम कुमार यादव द्वारा जारी और सोशल मीडिया पर वायरल किए गए इस वीडियो में कई प्रमुख उम्मीदवारों पर चुनावी आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने का दावा किया गया है। वीडियो के आधार पर लगाए गए मुख्य आरोप निम्नलिखित हैं:

  • जनसुराज पर आरोप: वीडियो में दावा किया गया है कि जनसुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर की तस्वीर वाले पर्चे पर उनके प्रत्याशी श्यामनंदन यादव के नाम के साथ 500-500 रुपये के नोट लपेटे हुए बांटे जा रहे हैं।
  • अमित कुमार उर्फ बच्चा राय: निर्दलीय प्रत्याशी अमित कुमार उर्फ बच्चा राय के संबंध में वीडियो में 5 हजार से 10 हजार रुपये तक के लेन-देन से जुड़ी पर्ची होने का दावा किया गया है।
  • भूषण झा पर आरोप: एक अन्य प्रत्याशी भूषण झा को एक लेदर के बैग के साथ दिखाया गया है, जिसके जरिए कथित तौर पर नकदी बांटे जाने की बात कही जा रही है।
  • बीजेपी प्रत्याशी पर धार्मिक पुस्तक के इस्तेमाल का आरोप: सबसे चौंकाने वाला आरोप बीजेपी प्रत्याशी नरेंद्र सिंह पर लगाया गया है, जिसमें दावा किया गया है कि वे मां दुर्गा की पवित्र पुस्तक (दुर्गा चालीसा) के अंदर 500-500 रुपये के नोट रखकर वोटरों को प्रभावित कर रहे हैं।


तेजप्रताप यादव के करीबी रहे हैं प्रेम कुमार यादव, चुनाव आयोग से की कड़ी कार्रवाई की मांग

इन तमाम गंभीर दृश्यों और साक्ष्यों को सार्वजनिक करते हुए निर्दलीय उम्मीदवार प्रेम कुमार यादव ने चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन के सामने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। आपको बता दें कि प्रेम कुमार यादव वही नेता हैं जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में राघोपुर सीट से लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के करीबी और उनके समर्थन से जुड़े समीकरणों के तहत चुनाव लड़ा था। उनके इस तीखे तेवर और खुलासे ने राजनीतिक सरगर्मी को और तेज कर दिया है।


लोकतंत्र की पवित्रता पर उठे सवाल, प्रशासन की कार्रवाई पर टैकें निगाहें

शिक्षक जैसे गरिमामयी और बौद्धिक वर्ग के चुनाव में इस तरह नोटों की गड्डियां चलने और धनबल के इस्तेमाल के दावों ने लोकतंत्र की शुचिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या वाकई पैसे के दम पर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है? प्रेम कुमार यादव के इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि चुनाव आयोग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या और कितना कड़ा एक्शन लेता है।


रिषभ की रिपोर्ट