सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक बच्चा समेत चार घायल, एक की हालत गंभीर

सुपौल जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक बच्चा समेत चार लोग घायल हुए है। जिसमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.....

सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर
सुपौल में दर्दनाक सड़क हादसा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत रतनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी। यहां दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक बच्चे समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।


खिकरीपट्टी और सिमराही जाने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, दिनबंदी पंचायत के कमालपुर वार्ड संख्या-8 निवासी मो. मोतिम (45) अपने 12 वर्षीय पुत्र मो. मुजाहिद के साथ खिकरीपट्टी से अपने घर वापस लौट रहे थे। वहीं दूसरी तरफ, कमालपुर वार्ड संख्या-6 निवासी मो. आरिफ (31) अपनी मां बीबी फातमा (50) के साथ कमालपुर से सिमराही की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में रतनपुर थाना के समीप दोनों बाइकें आपस में जोरदार तरीके से टकरा गईं।


वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया भर्ती

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. शालेंद्र कुमार दीपक ने सभी घायलों का तत्काल प्राथमिक उपचार किया और उनकी स्थिति पर नजर रखी।


गंभीर रूप से घायल मो. आरिफ सुपौल सदर अस्पताल रेफर

चिकित्सकों ने बताया कि हादसे में मो. आरिफ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर और उच्चस्तरीय इलाज के लिए उन्हें वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल से सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य तीन घायलों (मो. मोतिम, मो. मुजाहिद और बीबी फातमा) का इलाज वीरपुर अस्पताल में जारी है।


सड़क सुरक्षा और सतर्कता बरतने की आवश्यकता

इस प्रकार की लगातार होती सड़क दुर्घटनाएं वाहन चालकों के लिए सबक हैं। प्रशासन द्वारा बार-बार अपील की जाती है कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पूरी सख्ती से पालन करें और गति सीमा का ध्यान रखें ताकि इस तरह की अनहोनी से बचा जा सके। 


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट