Bihar News : मुजफ्फरपुर में शातिरों ने फाइनेंस कंपनी के नाम पर महिलाओं से की लाखों रूपये की ठगी, पीड़ितों ने थाने में दर्ज करायी शिकायत

Bihar News : मुजफ्फरपुर के पारू थाना क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के नाम पर महिलाओं से लाखों रुपये रुपये जमा कराने का मामला सामने आया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में शातिरों ने फाइनेंस कंपनी के नाम
लाखों की ठगी - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के पारू थाना क्षेत्र में फर्जी फाइनेंस कंपनी के नाम पर गरीब महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में ठगी का शिकार हुई पीड़ित महिलाओं ने पारू थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए गए शिकायती आवेदन में गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि मकान मालिक गरीबन कुमार सिंह, उनके दामाद इंद्रजीत कुमार उर्फ चंदन कुमार और अन्य लोगों ने मिलकर 'समृद्धि फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इन लोगों ने पारू क्षेत्र की करीब 150 महिलाओं से प्रत्येक महिला से 5-5 हजार रुपये के हिसाब से बड़ी रकम जमा कराई।

पीड़ित महिलाओं ने अपने आवेदन में आरोपियों के नाम और उनकी संलिप्तता के सबूत के तौर पर एक मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज कराया है। शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द मामले की गहन जांच करे, ठगी गई पूरी राशि का हिसाब ले और इन जालसाजों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पारू थानाध्यक्ष प्रमोद पांडे ने बताया कि पीड़ित महिलाओं द्वारा एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें समृद्धि फाइनेंस कंपनी के नाम पर लगभग डेढ़ सौ महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आवेदन मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट