Bihar Crime : बिहार में अपराधियों का दुस्साहस ! प्लाई कारोबारी पिता-पुत्र को गोलियों से भूना..खेतान परिवार दहशत में...

Bihar Crime : खगड़िया में दुकान बंद कर घर लौट रहे सज्जन खेतान और कन्हैया खेतान पर बाइक सवार अपराधियों ने रास्ते में गोलियां बरसा दी है.......पढ़िए आगे

Bihar Crime : बिहार में अपराधियों का दुस्साहस ! प्लाई कारोबा
व्यवसायी को बदमाशों ने मारी गोली - फोटो : AMIT

KHAGARIA : बिहार में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। खगड़िया शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी एसडीओ रोड में मंगलवार की देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने प्लाईवुड व्यवसायी पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में सज्जन खेतान और उनके पुत्र कन्हैया खेतान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया है। शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, रास्ते में घात लगाकर हमला

मिली जानकारी के अनुसार, सज्जन खेतान अपने पुत्र कन्हैया खेतान और एक स्टाफ के साथ प्लाई की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरानी एसडीओ रोड पर अंधेरा होने के बीच पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने पहले सज्जन खेतान को निशाना बनाकर गोली चलाई। पिता को बचाने के प्रयास में उनके पुत्र कन्हैया खेतान भी गोली का शिकार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों ने व्यवसायी पिता-पुत्र को निशाना बनाया, जबकि उनके साथ मौजूद स्टाफ सुरक्षित बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे दोनों घायल

गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया। बाद में कन्हैया खेतान को भी बेगूसराय भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। व्यवसायी पिता-पुत्र पर हुए इस हमले ने शहर के कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

सांसद राजेश वर्मा पहुंचे अस्पताल, एसपी से कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल पिता-पुत्र का हाल जाना। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। सांसद ने कहा कि आखिर कौन अपराधी बिहार और खगड़िया के व्यवसायियों के बीच भय का माहौल पैदा करना चाहता है? इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

व्यवसायियों में आक्रोश, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

व्यवसायी संदीप केडिया ने बताया कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे पिता-पुत्र पर गोलियां चलाईं। सज्जन खेतान को बचाने के प्रयास में उनके पुत्र कन्हैया खेतान भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद स्टाफ सुरक्षित बच गया। शहर के व्यस्त इलाके में व्यवसायी पिता-पुत्र पर हुई इस गोलीबारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर अपराधियों ने किस मकसद से इस वारदात को अंजाम दिया? क्या व्यवसायियों को निशाना बनाकर शहर में दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है?

पुलिस जांच में जुटी, अपराधियों की पहचान अब तक नहीं

फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अपराधियों की पहचान भी अब तक नहीं हुई है। नगर थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। व्यवसायियों और स्थानीय लोगों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि शहर के बीचोंबीच गोलीबारी कर व्यवसायी पिता-पुत्र को गंभीर रूप से घायल करने वाले अपराधियों को पुलिस कब तक गिरफ्तार कर पाती है?

खगड़िया से अमित की रिपोर्ट