सुपौल में चोरों का तांडव: बंद घर की दीवार काटकर ले उड़े 9 लाख की संपत्ति

Bihar News : सुपौल जिले में चोरो ने आतंक मचा रखा है। बेखौफ चोरों को पुलिस का डर भी नही रह गया है। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में एक बंद घर को खंगाल कर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है....

सुपौल में चोरों का तांडव: बंद घर की दीवार काटकर ले उड़े 9 ला
सुपौल में चोरों का तांडव- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज वार्ड 3 में बेखौफ चोरों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्ती व्यवस्था को चुनौती दी है। चोरों ने एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 8 से 9 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल है।


शादी समारोह में गया था परिवारपीछे से हुई वारदात 

अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणपतगंज के सेवानिवृत्त कर्मचारी ददन लाल अपने परिवार के साथ बीते 25 अप्रैल को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। घर को सूना पाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से सेंधमारी की। चोरों ने घर में घुसने के लिए न केवल खिड़की का ग्रिल तोड़ा, बल्कि दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया, जिससे उनके पेशेवर होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।


अंदर से बंद था दरवाजाछत के रास्ते घुसे परिजन 

जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजन पड़ोसी की छत के सहारे घर के अंदर दाखिल हुए। घर के भीतर का नजारा देख सबके होश उड़ गए; सामान चारों तरफ बिखरा पड़ा था और दो भारी गोदरेज अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला और कीमती सामान समेट कर चंपत हो गए।


जेवरात और नकदी समेत लाखों का नुकसान 

पीड़ित ददन लाल के अनुसार, चोरों ने करीब 3 लाख रुपये नकद और 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं। गायब हुए आभूषणों में सोने के टॉप्स, नथुनी, जितिया, अंगूठी और चांदी के पायल व बलिया शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके जीवन भर की जमा पूंजी पर चोरों ने डाका डाल दिया है, जिससे वे गहरे सदमे में हैं।


जांच में जुटी पुलिसगश्ती बढ़ाने की मांग 

घटना की सूचना पाकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट