Banka Chandan CO Arrested: जमीन पर कब्जे के बदले मांगी रिश्वत, SVU ने CO को दबोचा

विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने बांका जिले के चांदन अंचल अधिकारी (CO) रविकांत कुमार को 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जमीन पर कब्जे के बदले मांगी गई थी घूस।

Banka Chandan CO Arrested
जमीन पर कब्जे के बदले मांगी रिश्वत, SVU ने CO को दबोचा- फोटो : Reporter

विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने 9 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बांका जिले के चांदन अंचल अधिकारी (CO) रविकांत कुमार को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। SVU की इस अचानक कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।


जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के लिए मांगी थी 2 लाख की घूस

SVU के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, चांदन थाना क्षेत्र के लोझारी निवासी परिवादी सियाराम कुमार ने पटना स्थित SVU कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि कोर्ट के आदेश के आलोक में संबंधित जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के एवज में अंचल अधिकारी रविकांत कुमार द्वारा 2,000,000 (दो लाख) रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी और तत्काल 20-25 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।


सत्यापन में शिकायत सही मिलने पर दर्ज हुआ केस 

शिकायत मिलने के बाद SVU की टीम ने पूरे मामले का गोपनीय तरीके से सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान अंचल अधिकारी रविकांत कुमार द्वारा परिवादी सियाराम कुमार से रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी CO के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई थाना में कांड संख्या 24/2026 दर्ज किया गया।


DSP के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर दबोचा

 प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक (DSP) अरुण कुमार अकेला के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया। टीम ने चांदन में योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही परिवादी ने अंचल अधिकारी रविकांत कुमार को 20,000 रुपये की पहली किश्त सौंपी, टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।


आरोपी CO से पूछताछ और अग्रतर कार्रवाई जारी

रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तारी के बाद SVU की टीम आरोपी अंचल अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। विभाग द्वारा उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया और गहन अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।

बांका से चन्द्र शेखर की रिपोर्ट