Bihar Crime: संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चा लापता, ट्रैक्टर से कुचलने के बाद शव गायब करने का आरोप, गांव में तनाव का माहौल
Bihar Crime:मासूम संदिग्ध हालात में लापता हो गया है और परिजनों ने इसे महज हादसा नहीं बल्कि एक संगीन वारदात करार दिया है।..
Supaul: जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमहा पंचायत के वार्ड संख्या-7 से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को शक, सन्नाटा और सियासी तनाव के माहौल में धकेल दिया है। 10 वर्षीय मासूम राम कृष्ण पंडित संदिग्ध हालात में लापता हो गया है और परिजनों ने इसे महज हादसा नहीं बल्कि एक संगीन वारदात करार दिया है।
परिजनों का आरोप है कि बच्चा स्कूल से लौटने के बाद घर के पास आम के बगीचे में खेल रहा था, तभी उसी रास्ते से मिट्टी भराई में लगे ट्रैक्टरों का लगातार आना-जाना हो रहा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे मामले को रहस्यमयी और विवादास्पद बना दिया।
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने घबराकर ना तो पुलिस को सूचना दी और ना ही बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए शव को ही गायब कर दिया गया। यही नहीं, अन्य ट्रैक्टर चालक भी मौके से फरार हो गए, जिससे शक और गहरा गया है। जैसे ही बच्चा देर शाम तक घर नहीं लौटा, परिवार ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान आम के बगीचे में खून के धब्बे मिलने से माहौल और गरमा गया। ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। हालात बिगड़ते देख एसडीपीओ राजू रंजन कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। नदी थानाध्यक्ष शिशुपाल रविदास के अनुसार, दो ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद से लापता बच्चे की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल कायम है और लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं क्या यह महज हादसा है या फिर साक्ष्य मिटाने की कोई गहरी साज़िश?
रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र