एसएसबी ने नदी मार्ग से हो रही लकड़ी तस्करी का किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में सागवान बरामद

एसएसबी ने नदी मार्ग से हो रही लकड़ी तस्करी का किया भंडाफोड़,
नेपाल से लाया जा रहा था बेशकीमती सागवान- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी ने तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार, 28 अप्रैल को सीमा चौकी साहेबान के जवानों ने गश्त के दौरान भारी मात्रा में बेशकीमती सागवान की लकड़ी जब्त की है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, जो नेपाल से लकड़ी की खेप लेकर भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ था।


45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए जवानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में खुफिया तंत्र से गुप्त सूचना मिली थी कि साहेबान सीमा चौकी के अंतर्गत स्पर संख्या 530 के पास लकड़ी की बड़ी खेप तस्करी के जरिए भारत लाई जाने वाली है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष गश्त टीम का गठन किया गया।


गश्त के दौरान सुबह लगभग 11:20 बजे जवानों ने देखा कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति नेपाल की ओर से नाव के जरिए कोसी नदी पार कर भारतीय सीमा में आ रहे हैं। जैसे ही टीम नदी किनारे पहुँची, तस्करों में हड़कंप मच गया। मौके पर तलाशी लेने के दौरान नदी के तट पर सागवान के 8 बड़े पीस (नग) बरामद किए गए। वहीं, लकड़ी के पास बैठे एक व्यक्ति को जवानों ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।


पकड़े गए तस्कर की पहचान कर जब उससे बरामद लकड़ी के दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई, तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह नेपाल के गोबरगरा क्षेत्र से लकड़ी लाकर भारत में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। एसएसबी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बरामद लकड़ी और आरोपी को हिरासत में ले लिया और जब्ती सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।


प्रक्रिया पूरी होने के बाद, एसएसबी ने बरामद सागवान की लकड़ी और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग, वीरपुर के सुपुर्द कर दिया है। कमांडेंट गौरव सिंह ने दोहराया कि सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की सघन निगरानी और प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी ताकि सीमा सुरक्षा और पर्यावरण संपदा की रक्षा की जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट