सुपौल पुलिस को बड़ी कामयाबी : अपहरण के 24 घंटे के भीतर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को किया सकुशल बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सुपौल पुलिस को बड़ी कामयाबी : अपहरण के 24 घंटे के भीतर 17 वर
सुपौल पुलिस को बड़ी कामयाबी- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बिहार पुलिस अपनी मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के लिए इनदिनों लगातार सुर्खियों में है। ताजा मामला सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने अपहरण से जुड़े एक गंभीर मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी उत्साह का माहौल है।


परिजनों की शिकायत पर दर्ज की गई थी प्राथमिकी

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने 1 नवंबर 2026 को पिपरा थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों के आवेदन के आधार पर पिपरा थाना कांड संख्या 383/26, दिनांक 01.11.2026 दर्ज किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 96/3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8/12 के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की थी।


थानाध्यक्ष किशोर कुमार के नेतृत्व में टीम ने की ताबड़तोड़ छापेमारी

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बिना समय गंवाए तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाया और महज 24 घंटे के भीतर अपहृत नाबालिग लड़की को सुरक्षित ढूंढ निकाला।


नामजद आरोपी मनीष कुमार गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

छापेमारी के दौरान पुलिस ने इस मामले के नामजद प्राथमिकी अभियुक्त, पिपरा निवासी मनीष कुमार को भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तमाम आवश्यक कानूनी और चिकित्सीय प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट