SSB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 133 किलो गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Supaul : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की नरपतपट्टी चौकी के जवानों ने स्थानीय रतनपुरा पुलिस के साथ मिलकर तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त पेट्रोलिंग के दौरान टीम ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी दबोचा है, जिसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा स्तंभ संख्या 212 के पास कोशी नदी पलार दुबीयाही नहर क्षेत्र में तस्करी की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही उप कमांडेंट (प्रचालन) सुमन सौरभ की निगरानी में एसएसबी और रतनपुरा पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जब चिह्नित स्थान पर छापेमारी की, तो नदी किनारे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिसे घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान रतनपुरा थाना क्षेत्र के साहेबान गांव निवासी बेचन यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजे की तस्करी में शामिल है। उसने इस काले कारोबार में नेपाल के राजकुमार और सिमरी के विजय मेहता की संलिप्तता के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब इन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
तलाशी के दौरान पलार के बालू में छिपाकर रखे गए कई बोरे बरामद हुए। जब इन बोरों को खोलकर जांच की गई, तो उनमें से कुल 7 बंडल गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर जब्त गांजे की मात्रा लगभग 133 किलोग्राम पाई गई। एसएसबी ने बरामद मादक पदार्थ और मोबाइल फोन के साथ तस्कर को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रतनपुरा थाना को सुपुर्द कर दिया है।
गौरतलब है कि 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीरपुर द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि सीमा पार से होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि पर एसएसबी की पैनी नजर है और आने वाले दिनों में इस तरह के अभियानों को और तेज किया जाएगा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट