Bihar News: ईद ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही का फंदे से लटका मिला शव, पुलिस महकमे में हड़कंप

Bihar News: ईद ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही का सरकारी आवास में फंदे लटका शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंचे और जांच में जुट गए।

शव
महिला सिपाही ने की खुदकुशी - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के सुपौल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां ईद ड्यूटी के दौरान महिला सिपाही की संदिग्ध मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पूरा मामला किशनपुर थाना क्षेत्र का है। जहां ईद ड्यूटी के दौरान एक प्रशिक्षु महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान भोजपुर निवासी प्रशिक्षु सिपाही रितु कुमारी के रूप में हुई है, जो प्रशिक्षण के दौरान ईद पर्व को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थीं।

बाथरूम में फंदे से लटकी मिली

घटना 21 मार्च 2026 की शाम की बताई जा रही है। आवासीय परिसर के बाथरूम में फांसी लगाने की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना की टीम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो सिपाही फंदे से लटकी मिलीं। तत्काल नीचे उतारकर सिपाही को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए फॉरेंसिक जांच (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

परिवार को दी गई सूचना

मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जो सुपौल पहुंच चुके हैं। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। फिलहाल मामले में जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। दूसरी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस जल्द मामले का खुलासा करेगी। 

सुपौल से विनय कुमार मिश्र