पोस्टमैन का बेटा बना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, गांव वालों ने गाजे-बाजे के साथ किया भव्य सम्मान

शेखपुरा जिले के मेंहुस गांव निवासी एक पोस्टमैन के बेटे ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। अमन ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया है कि दृढ इच्छाशक्ति से मुकाम को हासिल किया जा सकता है....

पोस्टमैन का बेटा बना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, गांव वालों
पोस्टमैन का बेटा बना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट- फोटो : उमेश

Shekhpura : जिले के मेंहुस गांव निवासी अमन कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अमन गांव के ही एक पोस्टमैन और गृहिणी माता रानी देवी के इकलौते पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही मध्य विद्यालय में हुई, जिसके बाद स्थानीय शिक्षक विजय कुमार के मार्गदर्शन में तैयारी कर उन्होंने सैनिक स्कूल भुवनेश्वर की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की और वहीं से अपनी इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की।


एनडीए में असफलता के बावजूद नहीं मानी हार

अमन कुमार की सफलता की राह आसान नहीं रही। सैनिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान उन्होंने एनडीए (NDA) की परीक्षा पास की थी, लेकिन आंखों की रोशनी में समस्या के कारण वे मेडिकल टेस्ट में असफल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और स्नातक की पढ़ाई के साथ-साथ सीडीएस (CDS) परीक्षा की तैयारी जारी रखी। अंततः सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर वे सेना में लेफ्टिनेंट बने। उन्होंने साबित कर दिया कि नजर कमजोर होने या चश्मा लगा होने पर भी दृढ इच्छाशक्ति से सेना में अधिकारी बना जा सकता है।


गांव में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन

लेफ्टिनेंट बनने के बाद जब अमन कुमार अपने पैतृक गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। बुधवार को गांव के पूर्व मुखिया चितरंजन कुमार और गौरव कुमार की अगुवाई में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में गांव ही नहीं, बल्कि पूरे जिले से पहुंचे गणमान्य लोगों और स्थानीय निवासियों ने नौजवान सैन्य अधिकारी को गुलदस्ता व उपहार भेंट कर सम्मानित किया।


गणमान्य लोगों ने जताई खुशीकहा- पूरे बिहार के लिए गौरव

समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य रंजीत कुमार उर्फ बुद्धन भाई, पूर्व सरपंच पंकज सिंह और विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि अमन कुमार की यह ऐतिहासिक सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे शेखपुरा जिले और बिहार राज्य के लिए महान गौरव का विषय है। पूर्व मुखिया ने ईश्वर से उनके उज्ज्वल भविष्य और सेना के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की प्रार्थना की।


युवाओं को दिया लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने का संदेश

अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षक विजय कुमार और अपने कठिन परिश्रम को देते हुए लेफ्टिनेंट अमन कुमार ने नई पीढ़ी के युवाओं को प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और सोच बड़ी रखी जाए तो किसी भी मंजिल को पाना असंभव नहीं है। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, निरंतर संघर्ष करने तथा मेहनत के दम पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने की सलाह दी।

उमेश की रिपोर्ट