धान के खेत से बरामद हुआ 55 वर्षीय मजदूर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र स्थित एक धान के खेत से 55 वर्षीय मजदूर की लाश बरामद हुई है। मृतक बीते रविवार की रात घर से निकला था और सोमवार सुबह की उसकी लाश मिली। हाथ पैर बंधे होने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है....

धान के खेत से बरामद हुआ 55 वर्षीय मजदूर का शव, परिजनों ने जत
खेत से बरामद हुई मजदूर की लाश- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत परमानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-4 में सोमवार की सुबह एक 55 वर्षीय मजदूर का शव धान के खेत से मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय गांव निवासी विद्यानंद सादा के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


गमछे से बंधे पैर और पास में डंडा मिलने से हत्या की आशंका 

परिजनों के अनुसार, विद्यानंद सादा रविवार की रात अपने घर पर सोए हुए थे और रात करीब तीन बजे अचानक घर से बाहर निकले थे। सोमवार की सुबह करीब पांच बजे जब उनकी खोजबीन शुरू की गई, तो घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक धान के खेत में उनका शव मिला। परिजनों ने बताया कि मृतक के पैर गमछे से बंधे हुए थे और शव के पास ही एक डंडा भी पड़ा हुआ था, जिसे देखकर उन्होंने सीधे तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।


पुरानी धमकी का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि परमानंदपुर के ही सूरज मंडल के दामाद ने विद्यानंद सादा को पहले जान से मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के आधार पर परिवार वालों ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। मृतक गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके परिवार में पत्नी, छह बेटियां, एक बेटा और बहू हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


मुखिया प्रतिनिधि ने की निष्पक्ष जांच की मांग

घटना को लेकर परमानंदपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद अखलाख ने भी पुलिस प्रशासन से मामले की पारदर्शी तरीके से जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित करे कि जांच में कोई भी निर्दोष न फंसे और असली दोषी किसी भी कीमत पर बचने न पाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


थानाध्यक्ष बोले- रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई 

करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने सोमवार को सुबह करीब 11 बजे स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि परिजन हत्या का गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट