सुपौल व्यवहार न्यायालय में POSH एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम, महिला कर्मियों ने नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम (पॉश एक्ट), 2013 को लेकर सुपौल व्यवहार न्यायालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर जोर रहा....

सुपौल व्यवहार न्यायालय में POSH एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम,
POSH एक्ट पर जागरूकता कार्यक्रम- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : व्यवहार न्यायालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवारको कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम (पॉश एक्ट), 2013 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायालय परिसर में सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करना तथा महिला कर्मियों को उनके कानूनी अधिकारों, शिकायत प्रक्रिया व आंतरिक समिति की भूमिका से अवगत कराना था।


नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया जागरूकता व साहस का संदेश

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण न्यायालय की महिला कर्मियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसमें प्रियंका जायसवाल, कोमल बर्णवाल, प्रिया, निधि व अन्य कर्मियों ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की स्थितियों, शिकायत प्रक्रिया और आंतरिक समिति की जिम्मेदारियों को प्रस्तुत किया। नाट्य प्रस्तुति के जरिए यह संदेश दिया गया कि यौन उत्पीड़न के विरुद्ध चुप रहने के बजाय जागरूक होकर आवाज उठाना आवश्यक है।


न्यायिक अधिकारियों ने रखे विचार, बिना संकोच शिकायत दर्ज कराने की अपील

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार बच्चन ने महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान को प्रत्येक संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए बिना भय या संकोच के आंतरिक समिति के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की अपील की। वहीं, प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) राहुल उपाध्याय ने कार्यस्थल पर पारस्परिक सम्मान व संवेदनशीलता पर जोर दिया, जबकि डीएलएसए सचिव अमित गौरव ने अधिनियम के प्रावधानों, आंतरिक समिति की भूमिका और उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी दी।


अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने किया धन्यवाद ज्ञापन, कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नंदिता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर जिला व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार, कौशल किशोर, अभिषेक रंजन व तेज प्रताप सिंह, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मो. अफजल आलम, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान दंडाधिकारी शोभित सौरव, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी निधि जायसवाल, न्यायिक दंडाधिकारी श्वेताभ सांडिल्य, राखी कुमारी व प्रकाश आनंद और मुंसिफ सुदीप पांडेय सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, आंतरिक समिति के सदस्य, न्यायालय कर्मी व पारा विधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


शून्य सहिष्णुता व सुरक्षित कार्यस्थल के संकल्प के साथ समापन

कार्यक्रम का समापन महिलाओं की गरिमा, समानता, सुरक्षा और पारस्परिक सम्मान सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के प्रति शून्य सहिष्णुता अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। जागरूकता और समय पर शिकायत को सुरक्षित कार्यस्थल की मजबूत नींव के रूप में रेखांकित किया गया।


विनय की रिपोर्ट