मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, इकलौते चिराग की बुझने से परिवार में कोहराम

मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत
ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत ललमनिया गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां मिट्टी भराई के काम में लगे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय बालक दिलखुश राम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना वार्ड संख्या-13 की है, जहां खेल रहा मासूम तेज रफ्तार ट्रैक्टर के नीचे आ गया। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


जानकारी के अनुसार, ललमनिया निवासी योगेंद्र राम का पुत्र दिलखुश राम गांव में ही सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वार्ड-12 निवासी प्रयाग साह के घर पर मिट्टी भराई का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक कान फोड़ू आवाज में गाना बजाते हुए लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण उसे मासूम बच्चा नहीं दिखा। ट्रैक्टर का चक्का बच्चे के सीने से ऊपर गुजर गया, जिससे वह बुरी तरह कुचल गया।


हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने लहुलुहान हालत में बच्चे को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अखिलेश झा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक, अस्पताल लाने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया था। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।


इस घटना ने एक गरीब परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि दिलखुश अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मां वर्षों पहले परिवार छोड़कर कहीं और चली गई थी, जिसके बाद पिता योगेंद्र राम मजदूरी कर बड़ी मुश्किल से उसे पाल रहे थे। इकलौते बेटे की इस असामयिक मौत ने पिता के बुढ़ापे का सहारा छीन लिया है, जिससे उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मालिक छजना गांव का है, जबकि चालक ललमनिया के मुहरी गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर को चिह्नित कर लिया गया है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट