असम नंबर की कार से भारी मात्रा में बीयर बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

असम नंबर की कार से भारी मात्रा में बीयर बरामद, एक तस्कर गिरफ

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने असम नंबर की एक कार से भारी मात्रा में बीयर बरामद की है, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। इस कार्रवाई को इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-27 के रास्ते प्रतापगंज की ओर से एक संदिग्ध कार में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गश्ती दल को सतर्क कर जांच अभियान शुरू किया। टीम में सुधीर कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस ने सिमराही मेन चौक के पास संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया और काफी मशक्कत के बाद एनएच-27 स्थित धर्मपट्टी पेट्रोल पंप के पास वाहन को घेरकर पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में केन बीयर बरामद किए गए। वहीं मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई है। फिलहाल उसे थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बरामद बीयर की गिनती कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

राघोपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट