ट्रक की टक्कर से दादी-पोते की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-27 किया जाम

ट्रक की टक्कर से दादी-पोते की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-
तेज रफ्तार ट्रक ने दादी-पोते को रौंदा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरसर नदी पुलिया के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दादी और पोते की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पथरहा निवासी नाथू मंडल की पत्नी सरस्वती देवी और उनके 17 वर्षीय पोते गणेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों मशकन में एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।


इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एनएच-27 को पूरी तरह जाम कर दिया और सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि जब तक जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय विधायक मौके पर पहुंचकर मुआवजे का ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। करीब तीन घंटे तक मुख्य मार्ग जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के वक्त भीमपुर थाने की '112 डायल' वाहन वहीं मौजूद थी, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण ट्रक चालक भागने में सफल रहा। बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन भाई धर्मराज ने घटनास्थल पर पहुँचकर आरोप लगाया कि एनएच पर मवेशी वाहनों से अवैध वसूली के चक्कर में पुलिस वाहनों को डराती है, जिसके कारण चालक अपनी गाड़ी तेज रफ्तार में भगाते हैं और ऐसे हादसे होते हैं। उन्होंने डीआईजी और एसपी से अवैध वसूली में संलिप्त पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।


घटना की सूचना मिलने पर भीमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की शुरुआती कोशिशें नाकाम रहीं और समाचार लिखे जाने तक एनएच से जाम पूरी तरह नहीं हट सका था। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सुचारू करने का प्रयास कर रहे हैं। परिजनों के विलाप और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।


भीमपुर पुलिस ने बताया कि फिलहाल मृतकों के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस ने अपने स्तर से फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रक की पहचान की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर रफ्तार नियंत्रण के लिए ठोस उपाय किए जाएं।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट